देश की खबरें | स्मारक तुड़वाकर बंगला बनवाने के मामले में डीजेबी के पूर्व सीईओ को पत्र भेजकर मांगा गया जवाब

नयी दिल्ली, 30 मई दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय ने 15वीं सदी का स्मारक ढहाए जाने को लेकर जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देने के बाद दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) उदित प्रकाश राय को स्मरण पत्र (रिमाइंडर) भेजा है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पठान काल और सैयद वंश के खिज्र खान द्वारा स्थापित शहर खिजराबाद का एकमात्र अवशेष रहा यह स्मारक दक्षिण पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर के निकट जल विहार इलाके में स्थित था।

डीजेबी के सीईओ के तौर पर आईएएस अधिकारी राय का बंगला बनाने के लिए इस स्मारक को कथित तौर पर ढहा दिया गया था।

दिल्ली सरकार के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि राय को इस सिलसिले में 27 अप्रैल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद पिछले सप्ताह स्मरण पत्र भेजकर उनसे तीन सप्ताह में जवाब देने के लिये कहा गया।

उन्होंने कहा कि यदि वह फिर से जवाब नहीं दे पाए, तो सतर्कता निदेशालय अगला कदम उठाएगा।

अगस्त 2022 में, दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने कथित रूप से 50 लाख रुपये की रिश्वत लेने को लेकर गृह मंत्रालय (एमएचए) से राय के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2007 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी राय फिलहाल मिजोरम में तैनात हैं। सतर्कता निदेशालय के नोटिस पर उनकी ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)