देश की खबरें | राज्यसभा चुनाव से पहले गुजरात में एक और कांग्रेस विधायक ने दिया इस्तीफा
जियो

अहमदाबाद, पांच जून राज्यसभा चुनाव से पहले गुजरात में कांग्रेस विधायक बृजेश मेरजा ने शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। एक सप्ताह में कांग्रेस के तीसरे विधायक ने इस्तीफा दिया है।

राज्य से चार राज्यसभा सीटों के लिए 19 जून को चुनाव होने हैं।

यह भी पढ़े | दिल्ली: सहायक की मदद से परीक्षा देने वाले दिव्यांग बच्चों को CBSE ने दी यह बड़ी राहत.

विधानसभा सचिवालय ने पुष्टि की कि विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र त्रिवेदी ने मेरजा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है ।

मेरजा ने मोरबी सीट से चुनाव जीता था।

यह भी पढ़े | मोदी सरकार पर कपिल सिब्बल का हमला- नारे से आत्मनिर्भर नहीं होगा देश, रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर करना होगा खर्च.

पिछले तीन दिन में इस्तीफा देने वाले वह कांग्रेस के तीसरे विधायक हैं।

विधायक के तौर पर इस्तीफा देने से पहले मेरजा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था।

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में मेरजा ने कहा कि वह लोगों की सेवा करने के लिए कांग्रेस का हिस्सा बने थे लेकिन ‘‘ पार्टी में रहते हुए वह ऐसा नहीं कर पा रहे थे।’’

कांग्रेस विधायक अक्षय पटेल और जीतू चौधरी ने बुधवार शाम को इस्तीफा दे दिया था।

इससे पहले मार्च में भी कांग्रेस के पांच विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। मार्च से अब तक पार्टी के कुल आठ विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। हर एक विधायक के पार्टी छोड़ने के साथ ही कांग्रेस की दूसरी राज्यसभा सीट जीतने की संभावना कम होती जा रही है।

राज्य से चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव पहले 26 मार्च को होने वाले थे लेकिन कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। अब यह 19 जून को होने वाले हैं।

राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 103 और विपक्षी दल कांग्रेस के 66 विधायक हैं।

राज्य से राज्यसभा की चार सीटों के लिए भाजपा ने तीन और कांग्रेस ने दो उम्मीदवारों की घोषणा की है।

भाजपा ने अभय भारद्वाज, रमीलाबेन बारा और नरहरि अमीन को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता शक्तिसिंह गोहिल और भरतसिंह सोलंकी को उम्मीदवार बनाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)