देश की खबरें | दिल्ली में अधिसूचित गैर-स्वीकृत औद्योगिक क्षेत्रों के पुनर्विकास के लिए नीति की घोषणा

नयी दिल्ली, 30 जून दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार ने 26 अधिसूचित गैर-स्वीकृत औद्योगिक क्षेत्रों के पुनर्विकास के लिए एक नीति तैयार की है।

केजरीवाल ने औद्योगिक गतिविधियां चलाने की स्वीकृति नहीं रखने वाले इन क्षेत्रों के नियोजन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए इन क्षेत्रों में काम करने वाले उद्योगपतियों के मुलाकात के दौरान यह जानकारी दी।

केजरीवाल ने कहा कि 26 अधिसूचित गैर-स्वीकृत क्षेत्रों के लिए बनाई गई यह नीति तीन चरणों में लागू होगी। पहले चरण में, योजना बनाने के लिए परामर्शदाताओं के एक दल का गठन किया जाएगा। संबंधित औद्योगिक संगठनों पर 10 प्रतिशत परामर्श शुल्क लगेगा जबकि शेष भुगतान सरकार करेगी।

उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के अंतर्गत, मुख्य ध्यान सीवर लाइनें बिछाने और सड़क निर्माण जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर होगा। वहीं तीसरे चरण में सामुदायिक हॉल के निर्माण जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

केजरीवाल ने कहा, “यह नीति आपके औद्योगिक क्षेत्र पर से गैर-स्वीकृत होने के आरोप को हटाने का काम करेगी।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)