देश की खबरें | अनिल परब को ईडी के सामने पेश होना पड़ेगा : सोमैया

मुंबई, 15 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के नेता किरीट सोमैया ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार में मंत्री अनिल परब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन को नजरअंदाज नहीं कर सकते और उन्हें अंततः धन शोधन मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी के सामने पेश होना होगा।

ईडी ने महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले के दापोली इलाके में एक रिजॉर्ट के निर्माण में तटीय विनियमन क्षेत्र के प्रावधानों के कथित उल्लंघन से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में परब को बुधवार को मुंबई स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए तलब किया था।

एक अधिकारी ने बताया था कि केंद्रीय एजेंसी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत परब से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज करना चाहती है।

हालांकि, महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री एवं वरिष्ठ शिवसेना नेता ईडी के सामने पेश होने में नाकाम रहे।

यहां संवाददाताओं से बातचीत में पूर्व लोकसभा सांसद सोमैया ने कहा कि परब लंबे समय तक पूछताछ से नहीं बच पाएंगे।

उन्होंने कहा, “यहां तक ​​कि राहुल गांधी जैसे नेता को भी ईडी (नेशनल हेराल्ड कथित धन शोधन मामले में) के सामने पेश होना पड़ा। वे अब इससे बच नहीं सकते थे। अनिल परब को भी अंततः ईडी अधिकारियों के सामने पेश होना पड़ेगा। ऐसे मामलों की जांच में देरी नहीं की जा सकती।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)