देश की खबरें | आगंनवाड़ी कर्मियों ने सेवा समाप्ति का नोटिस देने व मानदेय बढ़ाने को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, 21 जुलाई आगंनवाड़ी कर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया और उन कर्मियों को बहाल करने की मांग की जिन्हें दिल्ली सरकार ने हड़ताल में हिस्सा लेने पर सेवा समाप्ति का नोटिस थमा दिया है। साथ में उन्होंने अपना मानदेय बढ़ाने की भी मांग की।

दिल्ली राज्य आगंनवाड़ी कर्मचारी एवं सहायक संघ (डीएसएडब्ल्यूएचयू) के सदस्य कश्मीरी गेट में स्थित दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के दफ्तर के बाहर जमा हुए और आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की।

डीएसएडब्ल्यूएचयू की पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले आगंनवाड़ी कर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल वी. के. सक्सेना से मुलाकात की थी और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा था।

उपराज्यपाल ने कहा कि वह उनकी मांगों पर गौर करेंगे और जल्द ही मामले में हस्तक्षेप करेंगे।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वह उपराज्यपाल के आवास का घेराव करेंगे।

डीएसएडब्ल्यूएचयू ने दावा किया कि दिल्ली सरकार ने 39 दिन की हड़ताल में शामिल होने के लिए 884 आगंनवाड़ी कर्मियों को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया है जबकि 11,942 कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)