देश की खबरें | अमृत उद्यान आम जनता के लिए दो फरवरी से 31 मार्च तक खुलेगा : राष्ट्रपति भवन

नयी दिल्ली, 19 जनवरी राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान दो फरवरी से 31 मार्च तक आम जनता के लिए खुलेगा। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

इसमें कहा गया कि सोमवार को छोड़कर लोग सप्ताह में छह दिन उद्यान का भ्रमण कर सकते हैं।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आम जनता को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे के बीच भ्रमण की अनुमति दी जाएगी।

इसमें कहा गया है कि सप्ताह के दिनों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो पाली में 7,500-7,500 आगंतुकों और सप्ताहांत पर प्रत्येक पाली में 10,000-10,000 आगंतुकों को अनुमति दी जाएगी।

बयान के मुताबिक, इसी तरह, सप्ताह के दिनों में दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे की चार पाली में 5,000-5,000 आगंतुकों और सप्ताहांत पर 7,500-7,500 आगंतुकों को अनुमति दी जाएगी।

इसके मुताबिक, अमृत उद्यान विशेष श्रेणियों के लिए 22 फरवरी (दिव्यांग व्यक्तियों के लिए), 23 फरवरी (रक्षा, अर्धसैनिक और पुलिस बलों के कर्मियों के लिए), एक मार्च (महिलाओं और आदिवासी महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए) और पांच मार्च (अनाथालयों के बच्चों के लिए) को खुला रहेगा।

बयान में कहा गया है कि उद्यान घूमने के लिए राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर पंजीकरण कराया जा सकता है। इसमें कहा गया सीधे आने वाले आगंतुक सुविधा काउंटर के साथ-साथ राष्ट्रपति भवन के द्वार संख्या-12 के पास स्वयं सेवा कियोस्क पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

बयान में कहा गया है कि सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास राष्ट्रपति संपदा के द्वार संख्या-35 से होगा।

बयान में कहा गया, ‘‘आगंतुकों की सुविधा के लिए, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से द्वार संख्या-35 तक बस सेवा सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे के बीच हर 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)