देश की खबरें | अमित शाह 26 मार्च को ओडिशा का दौरा करेंगे

भुवनेश्वर, छह मार्च केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह पार्टी के लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत 26 मार्च को ओडिशा के भद्रक का दौरा करेंगे।

भाजपा की ओडिशा इकाई के महासचिव पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया कि भद्रक लोकसभा क्षेत्र के अपने एक दिवसीय दौरे पर शाह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे और पार्टी नेताओं से मुलाकात भी करेंगे।

हरिचंदन ने कहा,“केंद्रीय गृह मंत्री अगस्त 2022 में, ओडिशा के अपने पिछले दौरे पर भाजपा नेताओं को दिए गए कार्यों की भी समीक्षा करेंगे।”

उन्होंने बताया कि भाजपा के जमीनी स्तर के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करना और 2024 के लोकसभा चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनाव से पहले उनका मनोबल बढ़ाना शाह की प्राथमिकता होगी।

शाह का ऐसे समय में भद्रक की यात्रा करने का कार्यक्रम है, जब ओडिशा सरकार में मंत्री रहे नभ किशोर दास की हत्या और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) और विपक्षी पार्टी भाजपा आमने-सामने हैं।

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर इलाके में 29 जनवरी को एक पुलिसकर्मी ने दास (60) की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

हरिचंदन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के भी पार्टी के लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत ओडिशा का दौरा करने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)