देश की खबरें | अमित शाह ने भूस्खलन पर मणिपुर के मुख्यमंत्री, रेल मंत्री से बात की

नयी दिल्ली, 30 जून केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में एक रेलवे निर्माण स्थल के समीप भूस्खलन के बाद बृहस्पतिवार को पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की।

गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल का एक दल भूस्खलन स्थल पर पहुंच गया है जबकि दो और दल रास्ते में हैं।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर में टुपुल रेलवे स्टेशन के समीप भूस्खलन के बाद मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह और अश्विनी वैष्णव से बातचीत की। बचाव अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। एनडीआरएफ का एक दल घटनास्थल पर पहुंच गया है और बचाव अभियान में शामिल हो गया। दो और दल टुपुल के रास्ते में हैं।’’

मणिपुर के नोनी जिले में रेलवे निर्माण स्थल पर भीषण भूस्खलन के बाद दो लोगों की मौत हो गयी तथा स्थानीय और सैन्य कर्मियों समेत दर्जनों लोग लापता हैं।

यह घटना बुधवार रात को टुपुल यार्ड रेलवे निर्माण शिविर में हुई।

अधिकारियों ने बताया कि दो शव निकाले गए हैं और करीब 50 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)