जम्मू, 23 जून केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस साल जनवरी में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के एक गांव पर हुए आतंकवादी हमले में जीवित बचे लोगों से शुक्रवार को मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शाह ने ट्वीट किया, ‘‘राजौरी आतंकवादी हमले में जीवित बचीं श्रीमती सूरज शर्मा और उनके परिवार से मुलाकात की। उनका साहस और वीरता आतंकवाद के खतरे को समाप्त करने में भारत की ताकत के स्तंभ हैं। मैंने अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।’’
उन्होंने यहां राजभवन में हुई इस मुलाकात की तीन तस्वीरें भी टि्वटर पर साझा कीं।
सूरज शर्मा एक विधवा हैं। इस हमले में उनके दो बेटे दीपक और प्रिंस की मौत हो गयी थी। वह परिवार में अकेली जीवित बची हैं।
उनके साथ सुशील और उनकी पत्नी थी जिन्होंने इस हमले में अपना बच्चा खो दिया था। इसके अलावा हमले में घायल हुए पवन शर्मा भी मौजूद थे। इस हमले में पवन का भाई मारा गया था।
गौरतलब है कि एक जनवरी को राजौरी जिले के ढांगरी गांव में आतंकवादियों के हमले में सात लोग मारे गए थे और 14 अन्य घायल हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY