जरुरी जानकारी | अंबुजा नेवतिया समूह बंगाल में पांच साल में 15,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा

कोलकाता, पांच फरवरी पूर्वी भारत के प्रमुख कारोबारी समूह अंबुजा नेवतिया ग्रुप ने अगले पांच साल में पश्चिम बंगाल में 15,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की बुधवार को घोषणा की।

समूह के चेयरमैन हर्षवर्धन नेवतिया ने यहां आयोजित आठवें ‘बंगाल वैश्विक व्यापार शिखर सम्मेलन’ के उद्घाटन कार्यक्रम में कहा कि यह निवेश स्वास्थ्य सेवा, आतिथ्य, पर्यटन, आवासीय एवं वाणिज्यिक रियल एस्टेट और गोल्फ थीम वाली टाउनशिप के विकास पर किया जाएगा।

नेवतिया ने कारोबार के अनुकूल माहौल को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सक्रिय शासन एवं समर्थन की भी सराहना की।

उन्होंने पश्चिम बंगाल के रणनीतिक लाभ पर प्रकाश डाला, जिनमें ‘कुशल कार्यबल, बढ़ता बुनियादी ढांचा और एशियाई बाजारों से निकटता’ शामिल है।

नेवतिया ने कहा, ‘‘समूह स्वास्थ्य सेवा में 1,500 करोड़ रुपये का निवेश कर पांच नए अस्पताल स्थापित करेगा, जिनमें 1,300 बिस्तर जोड़े जाएंगे।’’

इसके अलावा आतिथ्य एवं पर्यटन में समूह ताज होटल के साथ एक लक्जरी आतिथ्य सर्किट विकसित करने के लिए 2,700 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इस सर्किट में कोलकाता और सिलीगुड़ी में सात प्रीमियम होटल और दो कन्वेंशन होटल शामिल होंगे, जिनमें 1,400 कमरे होंगे।

उन्होंने कहा कि अंबुजा नेवतिया समूह बंगाल की पहली अंतरराष्ट्रीय मानक वाली गोल्फ टाउनशिप में 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। करीब 240 एकड़ की इस परियोजना में गोल्फ कोर्स, विला, अपार्टमेंट, गोल्फ़ होटल और अन्य सुविधाएं होंगी।

समूह आवासीय एवं वाणिज्यिक संपत्ति खंड में भी 6,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जिससे अगले चार-पांच वर्षों में 1.05 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र का निर्माण होगा।

नेवतिया ने कहा, ‘‘बंगाल हमेशा से हमारा घर और हमारी ‘कर्मभूमि’ रहा है। हम इसके विकास और वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध हैं, और ये परियोजनाएं नए अवसर पैदा करेंगी, बुनियादी ढांचे को बढ़ाएंगी और बंगाल की स्थिति को एक व्यापार और पर्यटन केंद्र के रूप में मजबूत करेंगी।’’

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)