देश की खबरें | झारखंड के साहिबगंज में महिला को डायन बताकर निर्वस्त्र करने के आरोप

साहिबगंज, 13 अक्टूबर झारखंड के साहिबगंज जिले में 60 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उन्हें डायन बताकर निर्वस्त्र किया और पेड़ से बांध दिया। पीड़िता का दावा है कि उन्हें 21 हजार रुपये देने की शर्त पर छोड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत पर साहिबगंज के बरहेट थाने में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी को 21 हजार रुपये देने की शर्त पर उन्हें छोड़ा गया।

बरहेट थाना प्रभारी गौरव कुमार के मुताबिक, पीड़िता ने दावा किया है कि यह घटना 20 दिन पहले घटित हुई और इसे ग्राम पंचायत सुलझा रही थी।

कुमार ने बताया कि महिला ने बुधवार को तीन लोगों के खिलाफ इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार हैं और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और कुछ ग्रामीणों से पूछताछ की गयी है।

दूसरी ओर, उन्होंने बताया कि कुछ ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी और पीड़िता पड़ोसी हैं और उनका आपसी विवाद है, जिसके चलते इस तरह के आरोप लगाये गये हैं।

पुलिस ने कहा कि मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

सं इन्दु

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)