देश की खबरें | ‘जहरीले पानी’ का आरोप: गुरुग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल का पुतला फूंका

गुरुग्राम, 28 जनवरी दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा हरियाणा पर लगाये गये ''जहरीले पानी'' की आपूर्ति के आरोप के विरोध में मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल का पुतला भी फूंका।

भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अग्रवाल धर्मशाला चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी की।

पार्टी नेताओं ने केजरीवाल की टिप्पणी की निंदा की और उन पर हरियाणा के लोगों का अपमान करने व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि ओबीसी समुदाय से आने वाले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ केजरीवाल के आरोप उनकी घटिया मानसिकता को दर्शाते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल यादव ने कहा कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार यमुना को साफ करने में विफल रही है और अब इसका दोष हरियाणा पर मढ़ रही है।

यादव ने कहा कि दिल्ली में गंदे नाले का पानी यमुना में डाला जा रहा है। केजरीवाल को अपनी पार्टी की सरकार की विफलताओं पर ध्यान देना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)