अहमदाबाद, 19 सितंबर विदेश मंत्रालय ने गुजरात उच्च न्यायालय से कहा है कि अवैध रूप से अमेरिका जाने की कोशिश करने के दौरान लापता हुए राज्य के नौ लोगों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उच्च न्यायालय इन लापता लोगों में से तीन के रिश्तेदारों की रिट याचिका पर सुनवाई कर रहा था। याचिकाकर्ताओं ने इन लोगों का पता लगाने के लिए अदालत से भारत सरकार को निर्देश दिए जाने का आग्रह किया है।
डोमनिक रिपब्लिक पहुंचने के बाद इन लापता लोगों की तीन फरवरी, 2023 को गुजरात में अपने रिश्तेदारों से आखिरी बार बातचीत हुई थी। लापता हुए लोगों में सात पुरुष और दो महिलाएं हैं।
उच्च न्यायालय ने विदेश मंत्रालय से इस रिट याचिका पर जवाब मांगा था।
मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध मायी की अदालत में दाखिल हलफनामे में विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह इस मामले को गंभीरता से ले रहा है तथा संबंधित दूतावासों और उच्चायोगों से संपर्क में है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि डोमनिक रिपब्लिक में भारत के राजदूत ने लापता हुए व्यक्तियों में एक के संबंध में ग्वाडेलोप (दक्षिण कैरिबियाई सागर में फ्रांसीसी क्षेत्र) के अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा विभाग का फ्रांसीसी दस्तावेज उसे भेजा था।
इस दस्तावेज के अनुसार, सुधीकरकुमार पटेल सात फरवरी, 2023 को इस द्वीप पर पहुंचा था जो लापता नौ लोगों में एक है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि फ्रांस सरकार के मार्फत उसने यह नोट ग्वाडेलोप के अधिकारियों के पास भेजा है तथा नौ लापता भारतीयों के बारे में जानकारी मांगी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY