अयोध्या (उत्तर प्रदेश), 17 जनवरी अयोध्या की जिला अदालत ने 2012 में हुए सांप्रदायिक दंगों के सभी 14 आरोपियों को मंगलवार को बरी कर दिया।
जिला शासकीय अधिवक्ता राम कृष्ण तिवारी ने बताया कि फैजाबाद के जिलाध्यक्ष संजीव फौजदार की अदालत ने अक्टूबर 2012 में दुर्गा पूजा के जुलूस के दौरान हुए सांप्रदायिक दंगों के सभी आरोपियों को सुबूतों के अभाव में बरी कर दिया है।
तिवारी ने कहा, "मामले के सभी गवाह मुकर गए और पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई सुबूत पेश करने में असफल रही, इसलिए अदालत ने सभी 14 आरोपियों को बरी कर दिया।"
उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर, 2012 की शाम को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा देवी दुर्गा की मूर्तियों को तोड़े जाने की अफवाह के बाद दंगा भड़क गया था। हिंसक भीड़ ने अल्पसंख्यक समुदाय की दुकानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और घरों को निशाना बनाया। दंगों में दर्जनों दुकानों और घरों को जला दिया गया और लूट लिया गया।
दुर्गा पूजा जुलूस का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोज जायसवाल कर रहे थे जो उस वक्त अयोध्या-फैजाबाद दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष थे। उस समय समाजवादी पार्टी सत्ता में थी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे। भीड़ ने पुलिस वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया था और पुलिसकर्मियों पर हमला किया था।
सपा नेता तेज नारायण उर्फ पवन पांडे 2012 में अयोध्या से सपा विधायक के रूप में चुनाव जीते थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY