खेल की खबरें | अलीम डार ने सर्वाधिक वनडे में अंपायरिंग का रूडी कर्टजन का रिकार्ड तोड़ा

रावलपिंडी, एक नवंबर अलीम डार ने रविवार को यहां पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच दूसरे मैच के दौरान एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक मैचों में मैदानी अंपायर की भूमिका निभाने का नया रिकार्ड बनाया। यह डार का अंपायर के रूप में 210वां वनडे मैच है।

पाकिस्तान के इस 52 वर्षीय अंपायर ने दक्षिण अफ्रीका के रूडी कर्टजन का सर्वाधिक वनडे मैचों में अंपायरिंग का रिकार्ड तोड़ा।

यह भी पढ़े | How to Download Hotstar & Watch CSK vs KXIP Live Match: चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच देखने के लिए हॉटस्टार कैसे करें डाउनलोड ? यहां जानें.

डार के नाम पर सर्वाधिक टेस्ट मैचों में अंपायरिंग का रिकार्ड भी है। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच पर्थ में 132वें मैच में अंपायरिंग करके जमैका के स्टीव बकनर को पीछे छोड़ा था।

सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैचों (387) में अंपायरिंग करने का रिकार्ड भी डार के नाम पर है। उन्होंने 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी अंपायरिंग की है और वह हमवतन अहसान रजा से तीन मैच पीछे हैं।

यह भी पढ़े | Lanka Premier League: एलपीएल में कैंडी टस्कर्स के लिए खेलेंगे इरफान पठान.

डार ने आईसीसी द्वारा जारी बयान में कहा, ‘‘टेस्ट और वनडे दोनों में अंपायरों की सूची में शीर्ष पर होना सम्मान की बात है। जब मैंने शुरुआत की थी तो कभी सोचा भी नहीं था कि मैं इतने आगे तक जाऊंगा। मैं यही कह सकता हूं कि मैंने मैदान पर प्रत्येक क्षण का लुत्फ उठाया और इस दौरान सीखना एक सतत प्रक्रिया बनी रही। ’’

डार ने पाकिस्तान में एक दशक तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेली थी। वह आलराउंडर थे। इसके बाद उन्होंने अंपायरिंग शुरू की। अंपायर के रूप में उनका पहला अंतरराष्ट्रीय मैच पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच फरवरी 2000 में गुजरांवाला में खेला गया वनडे था। वह पिछले 16 साल से आईसीसी के एलीट पैनल के अंपायर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)