देश की खबरें | अन्नाद्रमुक का पनीरसेल्वम वाले धड़े ने लोकसभा, कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसी

चेन्नई, सात अप्रैल अन्नाद्रमुक में पार्टी समन्वयक के तौर पर अपना दबदबा बनाने के लिए कानूनी लड़ाई में उलझे ओ. पनीरसेल्वम ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी अगले साल होने वाला लोकसभा चुनाव लड़ेगी।

पनीरसेल्वम के समर्थक पी. पुगझेंधी ने बेंगलुरु में भाजपा नेता बी. एस. येदियुरप्पा से भेंट की और कहा कि उनकी पार्टी ने मई में होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव का हिस्सा बनने की भी इच्छा जतायी है।

पनीरसेल्वम ने अपनी घोषणा में कहा, ‘‘गठबंधन बनाने के लिए भाजपा से बातचीत हो रही है और हम लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि वह शनिवार को यहां आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से यदि संभव हो सका तो भेंट करेंगे।

येदियुरप्पा से भेंट के बाद पुगझेंधी ने कहा, ‘‘पीनरसेल्वम ने कर्नाटक के तमिल बहुल आबादी वाले क्षेत्रों में चुनाव लड़ने पर येदियुरप्पा से सलाह करने को कहा है। हमने अपनी बात भाजपा नेता के समक्ष रखी है। हमारे उनके साथ आत्मीय संबंध हैं। हम आशा करते हैं कि भाजपा इस संबंध में सलाह करके हमें सूचित करेगी।’’

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महासचिव चुनाव में ई. के. पलानीस्वामी धड़े में कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम पैदा किया है।

चेन्नई में पार्टी के वरिष्ठ नेता पनरुति एस. रामचन्द्रन ने दावा किया कि अन्नाद्रमुक पलानीस्वामी के फैलाए मायाजाल में फंस गयी और इसलिए कई लोग वास्तविकता नहीं देख पा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम जनता की दरबार में चले जाएं या 2024 लोकसभा चुनाव लड़ लें, यह मायाजाल अपने आप टूट जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)