देश की खबरें | अहमदनगर के नवनिर्वाचित सांसद नीलेश लंके ने उद्धव से मुलाकात की

मुंबई, 22 जून लोकसभा चुनाव में अहमदनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुजय विखे पाटिल को हराने वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नीलेश लंके ने शनिवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की।

महा विकास आघाडी में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार), शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और कांग्रेस शामिल हैं। इन तीनों दलों ने गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ा था।

ठाकरे से उनके आवास पर मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए लंके ने कहा कि उन्होंने उनको आश्वासन दिया है कि महा विकास आघाडी अहमदनगर जिले की सभी 12 विधानसभा सीट जीतेगी।

लंके ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत अविभाजित शिवसेना से की थी और पहले ‘शाखा प्रमुख’ और बाद में ‘तालुका प्रमुख’ बनाए गए। वह बाद में अविभाजित राकांपा में चले गए और राकांपा नेता अजित पवार के सहायक बन गए। वह 2019 में पारनेर से विधायक भी चुने गए थे।

पिछले साल जुलाई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में विभाजन के बाद वह अजित पवार के साथ चले गए थे, लेकिन पाला बदलकर शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (एसपी)में शामिल हो गए। इसके बाद पार्टी ने उन्हें लोकसभा चुनाव में अहमदनगर से मैदान में उतारा, जहां से उन्हें जीत मिली।

अपने विरोधी भाजपा के विखे पाटिल के 40 ईवीएम के सत्यापन के लिये आवेदन करने के फैसले पर लंके ने कहा कि कुछ लोग हार को पचा नहीं पाते।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)