देश की खबरें | कृषि कानूनों को देंगे शीर्ष अदालत में चुनौती : अमरिंदर सिंह
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़/खटकड़ कलां, 28 सितंबर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार नए कृषि कानूनों को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देगी।

सिंह ने संवाददाताओं से यह भी कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी, आईएसआई किसानों के असंतोष का फायदा उठाते हुए ‘समूचे राष्ट्र’ में गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर सकती है ।

यह भी पढ़े | Syeda Anwara Taimur Passes Away: असम की पूर्व सीएम सैयदा अनवरा तैमूर का निधन, PMO इंडिया-कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक.

उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि पंजाब के किसान और युवा हथियार उठाएं, लेकिन ये कानून सीमावर्ती राज्य की सुरक्षा को खतरे में डालेंगे क्योंकि आईएसआई ऐसे अवसरों की तलाश में रहती है।

अमरिंदर ने 1980 के दशक और 90 के दशक की शुरुआत के बीच चले खालिस्तानी आतंकवाद के संदर्भ में कहा कि पंजाब में विगत में हिंसा में 35,000 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और दूसरे राज्यों तथा ‘‘समूचे राष्ट्र’’ तक बढ़ते किसानों के असंतोष के चलते आईएसआई की ओर से खतरा है।

यह भी पढ़े | Singer SP Balasubrahmanyam Dies: गायक एसपी बालासुब्रमण्यम का निधन, ‘शैव’ सम्प्रदाय से रखते थे संबंध.

उन्होंने शहीद भगत सिंह नगर जिला स्थित खटकड़ कलां गांव में शहीद ए आजम को उनकी 113वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी मौजूद थे।

खटकड़ कलां शहीद भगत सिंह का पैतृक गांव है जहां अमरिंदर सिंह, रावत तथा अन्य ने नए कृषि कानूनों के खिलाफ धरना भी दिया।

मुख्यमंत्री ने गांव में एक सभा को संबोधित करते हुए नए कानूनों को लेकर केंद्र की निन्दा की और कहा कि ये किसान समुदाय को ‘‘नष्ट’’ कर देंगे।

सिंह ने कहा, ‘‘मैं कह चुका हूं कि हम इस मामले को आगे ले जाएंगे। राष्ट्रपति ने इन विधेयकों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और अब हम इस मामले को उच्चतम न्यायालय ले जाएंगे।’’

मुख्यमंत्री ने खटकड़ कलां और चंडीगढ़ में पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी किसानों के असंतोष का फायदा उठा सकती है और सीमावर्ती राज्य पंजाब में गड़बड़ी उत्पन्न कर सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आईएसआई हमेशा इस ताक में रहती है कि वह कब, कहां और किसको बंदूक, बम तथा ग्रेनेड थमा सकती है। वह शुरू से ही ऐसा कर रही है। हमारी सरकार में पिछले साढ़े तीन साल के दौरान हमने लगभग 150 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है और लगभग 700 हथियार जब्त किए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में शांति रही है, लेकिन जब आप किसी का खाना छीनते हो तो क्या वह गुस्सा नहीं होगा? ऐसा व्यक्ति आईएसआई का पसंदीदा बन जाता है। इसीलिए मैं कह रहा हूं कि उन्होंने (भाजपा नीत केंद्र सरकार) जो किया है, वह राष्ट्र विरोधी है।’’

उन्होंने चंडीगढ़ में संवाददाताओं से कहा कि ‘‘समूचे राष्ट्र’’ को आईएसआई की तरफ से खतरा हो सकता है।

सिंह ने कहा कि वह किसी को भी राज्य के शांतिपूर्ण माहौल में खलल नहीं डालने देंगे, जैसी कि नए कानूनों से स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

पंजाब में किसान नए कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।

खटकड़ कलां में मुख्यमंत्री ने केंद्र पर राज्यों के अधिकार छीनने का आरोप भी लगाया।

सिंह ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी कृषि विधेयकों के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों में शामिल होंगे।

राजग से अलग हुए शिरोमणि अकाली दल की निन्दा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अकाली दल को अब नुकसान ही नुकसान है। आप उन्हें सब कुछ गंवाते हुए देखेंगे। वे कोई और तरीका अपनाने की कोशिश करेंगे, लेकिन यह काम नहीं करेगा क्योंकि एक बार जब आप लोगों को धोखा दे देते हैं तो कोई भी आप पर विश्वास नहीं करेगा।’’

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई लड़ेगी।

पंजाब मामलों का प्रभार मिलने के बाद रावत की राज्य की यह पहली यात्रा थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)