देश की खबरें | कृषि सुधार विधेयक किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे: शाह
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 18 सितंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में पारित कृषि सुधार संबंधी विधेयकों को अभूतपूर्व करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि ये विधेयक किसानों के जीवन में एक सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर कृषक उपज व्‍यापार और वाणिज्‍य (संवर्धन और सरलीकरण) विधेयक, 2020 और कृषक (सशक्‍तिकरण व संरक्षण) कीमत आश्‍वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक, 2020 के लोकसभा से पारित होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़े | Parliament Monsoon Session: लोकसभा में अनुराग ठाकुर ने लिया नेहरु और सोनिया गांधी का नाम, कांग्रेस ने किया हंगामा.

उन्होंने कहा, “भारत के मेहनती किसान देश की खुशहाली और समृद्धि के वाहक हैं, जिन पर पूरे देश को अभिमान है। मोदी सरकार के रूप में पहली बार कोई सरकार किसानों के सशक्तिकरण के लिए इस तरह दिन रात काम कर रही है और कल लोकसभा में पारित हुए ऐतिहासिक कृषि सुधार विधेयक इसी दिशा में एक अभूतपूर्व कदम है।’’

शाह ने कहा कि ये ऐतिहासिक विधेयक किसानों व कृषि क्षेत्र को बल देंगे और उनको बिचौलियों व अन्य समस्याओं से मुक्त करेंगे। इन विधेयकों से किसानों को उनकी उपज बेचने के लिए नये अवसर प्राप्त होंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

यह भी पढ़े | हरसिमरत कौर के इस्तीफे के बाद हरियाणा में बढ़ सकती है बीजेपी की टेंशन, दुष्यंत चौटाला पर बढ़ रहा है दबाव, कांग्रेस ने कही ये बात.

उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक व महत्वपूर्ण कृषि सुधार किसानों के जीवन में एक सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम भूमिका निभाएंगे। इन विधेयकों के पारित होने पर मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’

इन विधेयकों के विरोध में देश के कुछ हिस्सों खासकर कृषि प्रधान पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में किसान प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)