खेल की खबरें | एएफसी कप: मोहन बागान के सामने फॉर्म में चल रहे अबाहानी लिमिटेड की चुनौती

कोलकाता, 21 अगस्त मोहन बागान सुपर जाइंट्स की टीम एएफसी कप दक्षिण क्षेत्र ग्रुप में जगह बनाने के लिए मंगलवार को यहां फॉर्म में चल रहे अबाहानी लिमिटेड ढाका से भिड़ेगी तो उसकी राह आसान नहीं होगी।

मोहन बागान सुपर जाइंट्स की टीम का सत्र पूर्व कार्यक्रम काफी व्यस्त है। टीम डूरंड कप के अलावा कलकत्ता फुटबॉल लीग प्रीमियर डिविजन में भी हिस्सा ले रही है।

एएफसी कप में जगह बनाना टीम के लिए काफी अहम है।

डूरंड कप के पहले मैच में बांग्लादेश आर्मी एफटी के खिलाफ 5-0 की जीत के अलावा हालांकि मोहन बागान की टीम अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा पाई है।

बांग्लादेश आर्मी एफसी के खिलाफ टीम ने सभी भारतीय खिलाड़ियों को उतारा था और उनमें भी सिर्फ लिस्टन कोलासो और मनवीर सिंह ही अनुभवी थे।

टीम को चिर प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल के खिलाफ भी 0-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी जिससे इस टीम के खिलाफ उसका आठ मैच में जीत का विजयी अभियान भी थम गया।

कई हाई प्रोफाइल विदेशी खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के भी त्वरित नतीजे नहीं मिले हैं और कोच जुआन फर्नांडो परफेक्ट संतुलन हासिल करने के लिए जूझ रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)