देश की खबरें | हरियाणा के फरीदाबाद में अधिवक्ता ने आत्महत्या की

गुरुग्राम, दो अप्रैल फरीदाबाद के सेक्टर 12 में स्थित अदालत भवन की चौथी मंजिल से कूदकर एक अधिवक्ता ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आत्महत्या किए जाने के कारण का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है और घटनास्थल पर कोई ‘सुसाइड नोट’ भी बरामद नहीं हुआ।

पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद जिले की बल्लभगढ़ तहसील के मच्छगर गांव के निवासी जेपी धनखड़ (53) के रूप में हुई है।

धनखड़ यहां सेक्टर-12 जिला न्यायालय में ‘प्रैक्टिस’ करते थे।

फरीदाबाद के सेंट्रल थाने में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया, ‘‘अधिवक्ता भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हुए थे और अदालत में प्रैक्टिस करते थे। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया गया है और जांच की जा रही है।’’

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अधिवक्ता किसी बीमारी से पीड़ित थे।

पुलिस को संदेह है कि बीमारी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया होगा।

मृतक के एक साथी अधिवक्ता ने बताया कि कई अधिवक्ताओं ने उसे चौथी मंजिल से कूदते देखा था।

धनखड़ के साथी अधिवक्ता उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)