नयी दिल्ली, 31 जनवरी खाद्य तेल कंपनी अडाणी विल्मर लिमिटेड ने बुधवार को कहा कि दिसंबर तिमाही में आमदनी घटने से उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 18 प्रतिशत घटकर 200.89 करोड़ रुपये रह गया है।
कंपनी ने शेयर बाजार को अक्टूबर-दिसंबर, 2023 तिमाही के नतीजों की सूचना दी है। एक साल पहले की समान अवधि में इसका शुद्ध लाभ 246.16 करोड़ रुपये था।
आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय घटकर 12,887.60 करोड़ रुपये रह गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 15,515.55 करोड़ रुपये थी।
अडाणी विल्मर फॉर्च्यून ब्रांड के तहत खाद्य तेल एवं कई अन्य खाद्य उत्पादों की बिक्री करती है।
अडाणी विल्मर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अंग्शु मलिक ने कहा, ‘‘हमने स्वच्छ एवं गुणवत्ता वाले उत्पादों के लिए उपभोक्ता प्राथमिकताओं में बदलाव के कारण पैकेट वाले खाद्य पदार्थों में वृद्धि की रफ्तार देखी है।’’
कंपनी को वित्त वर्ष 2023-24 में खाद्य एवं एफएमसीजी खंड से 5,000 करोड़ का राजस्व मिलने का अनुमान है।
आलोच्य तिमाही में खाद्य तेल खंड में मात्रा सालाना आधार पर स्थिर रही जबकि वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में इसमें आठ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY