देश की खबरें | महात्मा गांधी के खिलाफ टिप्पणियों के लिए दक्षिणपंथी कार्यकर्ता भिड़े के खिलाफ कार्रवाई हो: कांग्रेस

मुंबई, 28 जुलाई महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट ने महात्मा गांधी के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के लिए दक्षिणपंथी कार्यकर्ता संभाजी भिड़े के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की शुक्रवार को मांग की।

भिड़े ने इस सप्ताह की शुरुआत में पूर्वी महाराष्ट्र के अमरावती जिले में एक कार्यक्रम में कथित तौर पर महात्मा गांधी के परिवार के बारे में कुछ विवादास्पद टिप्पणियां की थीं। पहले भी उनके विवादित बयानों की काफी आलोचना हुई थी।

थोराट ने विधानसभा में कहा कि भिड़े की हालिया टिप्पणियां शर्मनाक हैं। उन्होंने राज्य सरकार से उनके खिलाफ की गयी कार्रवाई पर सदन में बयान देने को कहा।

पूर्व मंत्री थोराट ने कहा, “संभाजी भिड़े की मानसिकता विकृत है। राष्ट्रपिता के बारे में उनकी टिप्पणियों ने देश को आहत किया है। वह बार-बार विवादास्पद टिप्पणियां करते हैं और यह पता लगाने की जरूरत है कि राजनीतिक हितों के लिए उनका समर्थन कौन कर रहा है। हम उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहते हैं।”

कांग्रेस विधायक ने बिना नाम लिए दावा किया कि एक ‘मशीनरी’ प्रगतिशील विचारधारा को खत्म करने के लिए काम कर रही है।

थोराट के सहयोगी और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब भिड़े ने विवादास्पद बयान दिया है। चव्हाण ने धारा 153 समेत भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के संबंधित प्रावधानों के तहत भिड़े की गिरफ्तारी की मांग की है।

चव्हाण ने विधानसभा में कहा, "अगर ऐसा कोई व्यक्ति महात्मा गांधी के बारे में अपमानजनक बयान दे रहा है, तो उसे राज्य में (स्वतंत्र रूप से) घूमने का कोई अधिकार नहीं है।"

इस बीच, अमरावती में, कांग्रेस की राज्य इकाई के सचिव नंदकिशोर कुयाते ने पुलिस को शिकायत देकर श्री शिव प्रतिष्ठान हिंदुस्तान संगठन के संस्थापक भिड़े के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।

कुयाते ने आरोप लगाया कि भिड़े ने बृहस्पतिवार को अमरावती में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान यह बयान दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)