देश की खबरें | आदिवासी युवक पर पेशाब करने का आरोपी गिरफ्तार, कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग

भोपाल, पांच जुलाई मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने के आरोपी एक व्यक्ति को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पिता के घर के एक हिस्से को गिरा दिया गया। इस बीच, विपक्षी कांग्रेस ने घटना की सीबीआई जांच कराने तथा आरोपी के घर को ध्वस्त करने की मांग की।

हालांकि, आरोपी को गिरफ्तार किये जाने के कुछ ही घंटों बाद स्थानीय अधिकारियों ने बुधवार को उसके पिता के घर का एक हिस्सा गिरा दिया।

जिले के एक अधिकारी ने बताया, "उसके पिता रमाकांत शुक्ला का घर अनुमति के अनुसार नहीं बनाया गया था, और इसलिए मकान के अवैध हिस्से को ध्वस्त किया जा रहा है।"

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी प्रवेश शुक्ला की पृष्ठभूमि आपराधिक पाई गई है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति के अध्यक्ष जनजाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल हैं। विधायक शरद कौल एवं अमर सिंह तथा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह समिति के सदस्य हैं।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार को वायरल हो गया जिसके बाद पुलिस ने प्रवेश शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया।

इससे पहले पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने दावा किया कि वीडियो कुछ महीने पुराना है।

मुख्यमंत्री के कार्यालय के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया था कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 294 एवं 504 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।

कांग्रेस ने दावा किया था कि आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा था, लेकिन सत्तारूढ़ दल ने आरोप से इनकार किया।

पीटीआई से बात करते हुए राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने व्यक्ति के कृत्य को जघन्य, निंदनीय और मानवता के लिए शर्मनाक बताया।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी इस कृत्य को शर्मनाक और निंदनीय बताया और आरोपी की संपत्ति को ध्वस्त करने की मांग की।

कांग्रेस की आरोपियों के खिलाफ "बुलडोजर कार्रवाई" की मांग के बारे में पूछे जाने पर, मिश्रा ने पीटीआई- से कहा, ‘‘बुलडोजर की कार्रवाई कांग्रेस की मांग के आधार पर नहीं की जाती है...बुलडोजर तभी चलता है जब कोई अतिक्रमण होता है।’’ मिश्रा राज्य सरकार के प्रवक्ता भी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)