देश की खबरें | पहचान छुपाकर युवती के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार, लड़की बरामद

गोरखपुर (उप्र), 18 जनवरी अपनी पहचान छुपा कर 19 साल की एक हिंदू युवती का अपहरण करने के आरोपी को गोरखपुर पुलिस कर्नाटक से गिरफ्तार करके राज्य लेकर आयी है। युवती को भी बरामद कर लिया गया है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि लड़की के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी क्योंकि लड़की और आरोपी दोनों ही बालिग हैं।

कैंपियरगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल भाटी ने सोमवार को बताया कि पुलिस कर्नाटक से रविवार को महबूब नामक आरोपी को गिरफ्तार करके लाई है लड़की को भी बरामद कर लिया गया है और उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है।

चिलुआताल थानाध्यक्ष नीरज कुमार राय ने बताया कि लड़की के पिता ने गत 11 जनवरी को आरोपी के खिलाफ अपहरण और शादी के लिए दबाव बनाने की खातिर अगवा करने के आरोप में तथा राज्य सरकार के नए धर्मांतरण रोधी कानून के तहत मामला दर्ज कराया था। उसके बाद पुलिस का तीन सदस्यीय एक दल आरोपी व्यक्ति तथा कथित तौर पर अगवा की गई लड़की की तलाश के लिए कर्नाटक रवाना हो गया।

उन्होंने बताया कि लड़की के पिता ने गत पांच जनवरी को अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लड़की घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस की जांच में लड़की के मोबाइल फोन का कॉल रिकॉर्ड खंगाला गया तो पाया गया कि उसने एक व्यक्ति को अनेक बार फोन किया है जिसका ट्रूकॉलर में महबूब नाम सामने आ रहा है और उसका पता-ठिकाना कर्नाटक का दिख रहा है।

राय ने बताया कि यह बात सामने आने पर युवती के पिता ने आरोपी पर अपनी पहचान छुपा कर बेटी के अपहरण के आरोप में मामला दर्ज कराया।

दर्ज रिपोर्ट में लड़की के पिता ने दावा किया है कि आरोपी ने पिछले साल सोशल मीडिया के जरिए उसकी बेटी से मेलजोल बढ़ाया और नौकरी का लालच दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)