एजेंसी न्यूज

Afghanistan Crisis: अफगानिस्तान से रविवार को करीब 300 भारतीयों को स्वदेश लाए जाने की संभावना

काबुल में खराब होती सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर वहां से लोगों को निकालने के भारत के अभियान के तहत अफगानिस्तान से रविवार को करीब 300 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जा सकता है. इस संबंध में जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने यह बताया.

Afghanistan Crisis: अफगानिस्तान से रविवार को करीब 300 भारतीयों को स्वदेश लाए जाने की संभावना
सेना के जवान (Photo Credits: PTI/File Photo)

नयी दिल्ली, 22 अगस्त: काबुल में खराब होती सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर वहां से लोगों को निकालने के भारत के अभियान के तहत अफगानिस्तान से रविवार को करीब 300 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जा सकता है. इस संबंध में जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने यह बताया. भारतीय वायु सेना के एक सैन्य परिवहन विमान में 87 भारतीयों को शनिवार को काबुल से ताजिकिस्तान की राजधानी दुशाम्बे ले जाया गया और समूह को रविवार तड़के मध्य एशियाई शहर से एअर इंडिया के एक विशेष विमान से दिल्ली वापस लाया जाएगा. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि एअर इंडिया के विमान के जरिए दो नेपाली नागरिक भी भारत आ रहे हैं.

बागची ने देर रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर ट्वीट किया, ‘‘अफगानिस्तान से भारतीयों को वापस लाया जा रहा है. एआई1956 विमान ताजिकिस्तान से कुल 87 भारतीयों को नयी दिल्ली ला रहा है. दो नेपाली नागरिकों को भी लाया जा रहा है. इसमें दुशाम्बे में स्थित भारत के दूतावास ने सहायता की. लोगों को निकालने के लिए और उड़ानों का प्रबंधन किया जाएगा.’’

उन्होंने बताया कि इससे पहले यात्रियों को भारतीय वायुसेना के विमान के जरिए काबुल से निकाला गया था. इस बीच, कतर स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि पिछले कुछ दिन में काबुल से दोहा ले जाए गए 135 भारतीयों को भारत भेजा जा रहा है. दूतावास ने आधी रात के बाद ट्वीट किया, ‘‘पिछले कुछ दिनों में काबुल से निकालकर दोहा लाए गए 135 भारतीयों के पहले समूह को आज रात भारत भेजा रहा है.’’ उसने कहा कि दूतावास अधिकारियों ने भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए इन लोगों को वाणिज्यदूतावास संबंधी और रसद सबंधी मदद मुहैया कराई. उसने कहा, ‘‘हम इसे संभव बनाने के लिए कतर प्राधिकारियों और सभी संबंधित लोगों का धन्यवाद करते हैं.’’ यह भी पढ़े :देश की खबरें | महबूबा ने अफगानिस्तान का किया उल्लेख, सरकार से जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा बहाल करने को कहा

ऐसा बताया जा रहा है कि काबुल से दोहा लाए गए भारतीय अफगानिस्तान स्थित कई विदेशी कंपनियों के कर्मी हैं. भारतीयों को अमेरिका और नाटो विमान के जरिए दोहा लाया गया. ऊपर उद्धृत अधिकारियों ने अपना नाम नहीं बताने की बताने की शर्त पर जानकारी दी कि भारतीय वायु सेना के एक विमान के जरिए काबुल से करीब 100 भारतीयों को रविवार को भारत वापस लाए जाने की संभावना है. उन्होंने बताया कि रविवार को कुल 300 लोगों को भारत लाया जा जाएगाा. तालिबान के पिछले रविवार को काबुल पर कब्जा जमाने के बाद भारत अफगान राजधानी से पहले ही भारतीय राजदूत और दूतावास के अन्य कर्मियों समेत 200 लोगों को वायुसेना के दो सी-19 परिवहन विमानों के जरिये वहां से निकाल चुका है. सोमवार को 40 से ज्यादा भारतीयों को लेकर पहली उड़ान भारत पहुंची थी. भारतीय राजनयिकों, अधिकारियों एवं सुरक्षाकर्मियों और वहां फंसे कुछ भारतीयों समेत करीब 150 लोगों के साथ दूसरा सी-17 विमान मंगलवार को भारत पहुंचा था. अमेरिकी सैनिकों की वापसी की पृष्ठभूमि में तालिबान ने अफगानिस्तान में इस महीने तेजी से अपने पांव पसारते हुए राजधानी काबुल समेत वहां के अधिकतर इलाकों पर कब्जा जमा लिया है. अमेरिका की मदद से करीब 200 भारतीयों को निकालने के मिशन को अंजाम दिया गया. इन लोगों की वापसी के बाद विदेश मंत्रालय ने कहा था कि अब ध्यान अफगानिस्तान की राजधानी से सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने पर होगा.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि सरकार के लिए तात्कालिक प्राथमिकता अफगानिस्तान में फिलहाल रह रहे सभी भारतीय नागरिकों के बारे में सटीक सूचना प्राप्त करना है. मंत्रालय ने भारतीयों के साथ ही उनके नियोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे विशेष अफगानिस्तान प्रकोष्ठ के साथ प्रासंगिक विवरण तत्काल साझा करें. एक अनुमान के मुताबिक, अफगानिस्तान में करीब 400 भारतीय फंसे हो सकते हैं और भारत उन्हें वहां से निकालने का प्रयास कर रहा है और इसके लिए वह अमेरिका एवं अन्य मित्र राष्ट्रों के साथ समन्वय से काम कर रहा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 22, 2021 08:57 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).