देश की खबरें | आचार संहिता उल्लंघन मामले में अब्बास अंसारी को मिली जमानत

मऊ (उप्र), 21 अक्टूबर उत्तर प्रदेश के मऊ सदर से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में शुक्रवार को एमपी/एमएलए अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

अदालत ने विधायक को न्यायिक हिरासत में भेज लिया और बाद में जमानत देते हुए मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया।

विशेष न्यायाधीश एसीजेएम एमपी/एमएलए कोर्ट श्वेता चौधरी की अदालत में अधिवक्ता दारोगा सिंह ने विधायक अब्बास अंसारी की जमानत के लिए अर्जी दी।

अधिवक्ता दरोगा सिंह ने अदालत के समक्ष इस मामले में अपना पक्ष प्रस्तुत किया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें 10 – 10 हजार रुपये के दो निजी मुचलके पर जमानत दे दी ।

सिंह ने बताया कि इस मामले में अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को होगी ।

उन्होंने बताया कि 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान उनके ऊपर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला था, जिसमें 17 अक्टूबर को अब्बास के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था, जिसको देखते हुए अब्बास अंसारी ने मऊ के एमपी एमएलए कोर्ट में शुक्रवार को आत्मसमर्पण किया था ।

सिंह ने बताया कि आचार संहिता उल्ल्ंघन के इसी मामले में उमर अंसारी और मंसूर अंसारी ने भी शुक्रवार को अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिस पर उन्हें भी जमानत मिल गयी ।

इन दोनो के मामले की अगली तारीख 31 अक्टूबर निर्धारित की गयी है।

अभियोजन के अनुसार विधानसभा चुनाव में शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया था। आरोप है कि सुभासपा विधायक ने चुनाव में आचार संहिता का उल्ल्ंघन किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)