नयी दिल्ली, 20 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के दक्षिणी रिज इलाके में 1,100 पेड़ों की कथित कटाई को लेकर यहां दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय के निकट प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों में से कुछ ने दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना के चेहरे से मिलता-जुलता मुखौटा भी पहन रखा था। उन्होंने मानव श्रृंखला भी बनाई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल रिज में संरक्षित वन क्षेत्र में पेड़ों की कटाई के लिए जिम्मेदार हैं।
दक्षिणी रिज में सतबारी के पास 1,100 पेड़ों की कटाई के मामले में उच्चतम न्यायालय ने उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और ‘आप’ सरकार दोनों को कड़ी फटकार लगाई थी।
‘आप’ ने आरोप लगाया है कि उपराज्यपाल के ‘‘मौखिक निर्देश’’ पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई की गई।
वहीं, भाजपा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय की मंजूरी के बाद पेड़ काटे गए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए ‘आप’ के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने एक बयान में दावा किया कि तीन फरवरी को उपराज्यपाल ने मुख्य सचिव सहित अन्य अधिकारियों के साथ रिज का दौरा किया था तथा 1,100 पेड़ों की कटाई का मौखिक आदेश दिया था।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने अधिकारियों से बार-बार पूछा कि किसके आदेश पर पेड़ काटे गए, लेकिन किसी ने भी अदालत को सच नहीं बताया।
भारद्वाज ने कहा कि सड़क को चौड़ा करने के लिए आस-पास के फार्महाउस की 5-10 प्रतिशत भूमि लेकर रिज पर सैकड़ों पेड़ों को बचाया जा सकता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि फार्महाउस मालिकों को लाभ पहुंचाने के लिए पेड़ों को काटा गया।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में पार्टी के विधायक राजेश गुप्ता भी शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY