नयी दिल्ली, 23 अप्रैल आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि आप सरकार पंजाब में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इसके लिए वह ‘‘कड़े फैसले’’ भी लेगी।
उनकी टिप्पणी पंजाब पुलिस द्वारा रविवार तड़के मोगा के रोडे गांव से अलगाववादी अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार किए जाने के बाद आई है। अमृतपाल की गिरफ्तारी के साथ ही उसकी एक महीने से चल रही तलाश पूरी हो चुकी है।
केजरीवाल ने अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद एक ट्वीट में ‘‘हम पंजाब में शांति और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम इसके लिए कड़े फैसले लेने को भी तैयार हैं।’’
उन्होंने परिपक्वता और साहस के साथ ‘‘मिशन’’ को पूरा करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सराहना की और राज्य के लोगों को शांति बनाए रखने तथा सरकार का समर्थन करने के लिए धन्यवाद दिया।
केजरीवाल ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री भगवंत मान साहेब ने परिपक्वता और साहस के साथ इस मिशन को पूरा किया। पंजाब पुलिस ने बिना किसी खून-खराबे और गोलीबारी के सफलता हासिल की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस अवधि के दौरान शांति बनाए रखने और पंजाब सरकार का समर्थन करने के लिए जनता का बहुत-बहुत धन्यवाद।’’
अमृतपाल और उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के सदस्यों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई शुरू की गई थी। पंजाब पुलिस ने उनके खिलाफ कड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लागू किया था।
वैमनस्य फैलाने, हत्या के प्रयास, पुलिसकर्मियों पर हमले और लोकसेवकों को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के आरोपों में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY