नयी दिल्ली, 28 अप्रैल उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में 21-वर्षीय एक युवक की हत्या के मामले में दो किशोरों को पकड़ा गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों किशोरों की उम्र 17 वर्ष है और उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया है। अधिकारी के अनुसार, एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का भी खुलासा हुआ है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
अधिकारी ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर पुलिस को सूचना दी थी कि उसके बेटे समीर को इलाके के जे-ब्लॉक में गोली मार दी गई है।
अधिकारी ने बताया कि समीर को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने इलाके में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और दोनों किशोरों को पकड़ लिया।
अधिकारी के अनुसार, जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की वजह आपसी रंजिश थी। उन्होंने बताया कि ऐसी जानकारी सामने आ रही है कि दोनों किशोरों में से एक की समीर से पुरानी दुश्मनी थी, जिसके चलते हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY