संभल (उप्र), 31 जनवरी संभल पुलिस ने पाकिस्तानी मौलवी से बात करने और बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित होने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्रीश चंद्र ने पत्रकारों को बताया कि गत 24 नवंबर को संभल की शाही जामा मस्जिद के पास हुई हिंसा के संदर्भ में एक युवक के कथित तौर पर पाकिस्तानी मौलवी से बातचीत करने का एक वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वायरल हुआ था।
चंद्र ने कहा कि इसके बाद इस वीडियो की जांच की गयी। उन्होंने कहा, ‘‘युवक और पाकिस्तानी मौलवी इंजीनियर मोहम्मद अली मिर्जा के बीच हुई बातचीत में दंगों में शामिल लोगों को शहीद का दर्जा देने से जुड़ी टिप्पणियां शामिल थीं।’’
चंद्र ने कहा कि जांच करने पर पाया गया कि वीडियो की सामग्री भ्रामक और जनता की भावना को ठेस पहुंचाने वाली थी।
उन्होंने कहा, ‘‘बहजोई के मिर्जापुर गांव के रहने वाले आलम के बेटे अकील को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और आगे के सबूत जुटाए जा रहे हैं। हम उसके साथियों की भी तलाश कर रहे हैं।’’
संदिग्ध के पाकिस्तान से संबंधों के बारे में पूछे जाने पर चंद्र ने कहा कि पाकिस्तानी मौलवी के साथ अकील की बातचीत (जिसमें उसने दंगा में शामिल लोगों को शहीद का दर्जा देने का सुझाव दिया था) ने स्थिति को और जटिल बना दिया और इसे अशांति भड़काने के प्रयास के रूप में देखा जा सकता है।
चंद्र ने कहा कि 24 नवंबर को हुई हिंसा की जांच अभी जारी है। संभल में 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी।
सं आनन्द अमित संतोष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY