Minor Fire At AIIMS: एम्स में एक कक्ष में लगी आग, कोई हताहत नहीं
दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आपातकालीन विभाग के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) से सटे एक कमरे में सोमवार सुबह आग लग गई.
नयी दिल्ली, 28 जून दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आपातकालीन विभाग के ऑपरेशन थियेटर (ओटी) से सटे एक कमरे में सोमवार सुबह आग लग गई।
दिल्ली दमकल सेवा ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ।
दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि आपातकालीन विभाग के ओटी में आग लगने की सूचना तड़के पांच बजकर चार मिनट पर मिली और दमकल की सात गाड़ियों को एम्स भेजा गया।
उन्होंने बताया कि आग पर बहुत जल्दी काबू पा लिया गया। आग ओटी से सटे भंडार कक्ष में लगी।
पुलिस के अनुसार, हौज खास पुलिस थाने को आग लगने के बारे में सुबह करीब सवा पांच बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से फोन पर जानकारी मिली और एम्स पहुंचने पर घटनास्थल से चिंगारियां और धुआं उठता देखा गया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा, "आसपास मौजूद सभी मरीजों को बाहर निकाल लिया गया है। दमकल की सात गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।"
उन्होंने बताया कि स्थिति अब सामान्य और नियंत्रण में है तथा कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2021 09:13 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

