नयी दिल्ली, 22 जून पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में एक मंदिर के पास कथित तौर पर ग्रिल हटाने को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच बृहस्पतिवार को तीखी जुबानी जंग हुई।
आप ने कहा कि भाजपा महज एक ‘चुनावी हिंदू पार्टी’ है, जो चुनाव खत्म होते ही मंदिरों पर हमले करती है। इस पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि इस घटना ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का ‘हिंदू विरोधी’ चेहरा उजागर कर दिया है।
इससे पहले दिन में, पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच उस समय विवाद हो गया जब अधिकारियों ने कथित तौर पर एक मंदिर के पास फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रहे जंगले को हटा दिया था, जिससे यह अफवाह फैल गई कि अधिकारी मंदिर ढहाने आए थे।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री आतिशी ने कहा कि तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया के विरोध के बावजूद दिल्ली के उपराज्यपाल ने अतिक्रमण अभियान की अनुमति दे दी थी।
दिल्ली आबकारी नीति ‘घोटाले’ में कथित संलिप्तता के लिए सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आतिशी ने पीडब्ल्यूडी मंत्री का पद संभाला है।
आतिशी ने यहां संवाददाताओं से कहा, "दिल्ली के उपराज्यपाल के आदेश पर मंडावली में मंदिर तोड़ा जा रहा है। जब इस मुद्दे से संबंधित फाइल तत्कालीन गृह मंत्री मनीष सिसोदिया के पास भेजी गई थी, तो उन्होंने (सिसोदिया ने) इसका विरोध किया था।"
उन्होंने दावा किया, "लेकिन उपराज्यपाल साहब ने मनीष सिसोदिया के फैसले को खारिज कर दिया। उपराज्यपाल ने सिर्फ मंडावली में ही नहीं, बल्कि दिल्ली में 10 अन्य मंदिरों को भी ध्वस्त करने का फैसला किया है।"
आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने एक संवाददाता सम्मेलन में आतिशी के दावों को दोहराया।
उन्होंने दावा किया कि बहादुरशाह जफर मार्ग पर 150 साल पुराना शिव मंदिर, राजेंद्र नगर में 50 साल पुराना हनुमान मंदिर, सरोजिनी नगर में एक पुराना हनुमान मंदिर और श्रीनिवासपुरी में नीलकंठ मंदिर ‘ध्वस्त’ कर दिया गया।
उधर, भाजपा ने आरोप लगाया कि तोड़फोड़ अभियान के दौरान उसके एक पार्षद शशि चंदना गंभीर रूप से घायल हो गए।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने ‘पीटीआई-’ से कहा, "न केवल भाजपा कार्यकर्ता (मंदिर के हिस्से को हटाने का) विरोध कर रहे थे, बल्कि उनमें कुछ लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें दो भाजपा पार्षद शामिल हैं। यह कार्रवाई (दिल्ली के मुख्यमंत्री) अरविंद केजरीवाल के हिन्दू-विरोधी चेहरा उजागर करती है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY