नयी दिल्ली, 22 जून दिल्ली की मंडोली जेल में कोविड-19 से 62 वर्षीय कैदी की मौत के कुछ ही दिन बाद उसी बैरक के अन्य 17 कैदियों में भी सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। जेल अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, मंडोली की केंद्रीय जेल संख्या 14 में बंद कैदी कंवर सिंह की 15 जून को सोते हुए ही मौत हो गई थी। शनिवार को आई उसकी जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद सिंह के साथ बैरक साझा करने वाले 29 कैदियों के भी नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
यह भी पढ़े | कोरोना के मणिपुर में 57 नए मरीज पाए गए: 22 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
दिल्ली की जेल में इस घातक वायरस के कारण जान गंवाने वाला सिंह पहला कैदी है।
महानिदेशक (जेल) संदीप गोयल ने कहा कि सोमवार को आयी जांच रिपोर्ट में 29 में से 17 कैदी संक्रमित पाए गए हैं और 12 में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़े | चीन ने माना, लद्दाख में भारतीय जवानों से झड़प में गई PLA जवानों की जान.
उन्होंने कहा कि संक्रमित पाए गए सभी 17 कैदियों को केंद्रीय जेल संख्या 14 की अन्य बैरक में स्थानांतरित किया गया है और जेल के डॉक्टर द्वारा उनकी सेहत की बारीकी से निगरानी की जा रही है। अब तक वे सभी बिल्कुल ठीक हैं।
उन्होंने कहा कि बाकी 12 कैदियों को भी अलग बैरक में पृथक-वास में रखा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली की जेलों में अब तक कुल 40 कैदी संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 16 ठीक हो चुके हैं और एक की मौत हुई है।
इसके अलावा, अब तक 46 जेल कर्मचारियों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें से 12 स्वस्थ हुए हैं।
दिल्ली की जेलों में तिहाड़, मंडोली और रोहिणी जेल शामिल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY