देश की खबरें | एशियाड में भारत की भागीदारी पर फैसला मेजबान देश से प्रतिक्रिया मिलने के बाद होगा: ठाकुर

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा कि इस साल के एशियाई खेलों में भारत की भागीदारी पर फैसला कोविड-19 के मामलों से जूझ रहे मेजबान देश चीन से प्रतिक्रिया मिलने के बाद लिया जाएगा।

चीन शंघाई और बीजिंग में कोविड-19 के मामलों को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रहा है। देश के वित्तीय केंद्र शंघाई में लगभग एक महीने से लॉकडाउन (लोगों के बाहर निकलने पर प्रतिबंध) लगा है,  जबकि बीजिंग में इस महामारी के मामले बढ़ने के बाद और अधिक प्रतिबंध लगाए गए हैं।

इस तरह की बातें भी सामने आ रही कि 10 से 25 सितंबर तक होने वाले हांगझोऊ एशियाई खेलों को महामारी के कारण स्थगित कर दिया जाएगा।

ठाकुर ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा, ‘‘ वहां (चीन में) क्या स्थिति है और मेजबान देश स्थिति के बारे में क्या कह रहा है, यह महत्वपूर्ण है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ इसमें भाग लेने वाले अन्य सभी देश भी चर्चा कर रहे हैं और कुछ समय में भारत भी फैसला करेगा, लेकिन इससे पहले मेजबान देश को यह स्पष्ट कर देना चाहिए कि वे क्या सोच रहे हैं और इसके लिए कितने तैयार हैं।’’

चीन में महामारी के कारण कई अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन रद्द कर दिए गए थे, लेकिन बीजिंग शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक 2022 खेलों का आयोजन कोविड-19 के सख्त दिशानिर्देशों के तहत जैव सुरक्षित माहौल में हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)