देश की खबरें | उत्खनन मशीन में फंसने से महिला की मौत के बाद दंगा फैलाने का मामला दर्ज

ठाणे, चार अप्रै महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कचरा छांटने के दौरान खुदाई करने वाली मशीन में फंसने से एक महिला की मौत हो जाने के बाद दंगा करने और डंपरों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में महिला की मौत हो जाने के बाद उत्खनन मशीन के चालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि ठाणे के सी पी तालाब स्थित कचरा छंटाई केंद्र में 31 मार्च को महिला की मौत हो गई थी।

वागले एस्टेट पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘उक्त महिला उस दौरान हादसे का शिकार हुई जब करीब 50 महिलाएं ‘ट्रांसफर स्टेशन’ के प्रतिबंधित क्षेत्र में कचरा छांट रही थीं। राजश्री जाधव नामक महिला को एक डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे वह खुदाई करने वाली मशीन में फंस गई।’’

उन्होंने बताया कि उत्खनन मशीन के चालक ने इसी (मशीन के सामान उठाने वाले हिस्से) से महिला को उठाकर डंपर में फेंक दिया, जिससे उसे घातक चोट पहुंची। महिला की मौत से घटनास्थल पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए।

अधिकारी ने बताया कि करीब आठ अज्ञात लोगों ने कचरा छंटाई केंद्र पर डंपर और छिड़काव मशीनों पर पत्थर फेंके। इसके कारण कुल 14 डंपर क्षतिग्रस्त हो गए।

उन्होंने बताया कि ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के सेनेटरी इंस्पेक्टर द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189 (2) (गैरकानूनी सभा), 190, 191 (1), (2) (दंगा) सहित अन्य धाराओं के तहत दो अप्रैल को एक प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके अलावा, संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।

अधिकारी ने बताया कि महिला की मौत हो जाने के मामले में श्रीनगर पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत उत्खनन मशीन चालक मोहम्मद सनाउल्लाह फारूक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)