उत्तराखंड में कोविड-19 के 92 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 244 पहुंची
ऋषिकेश स्थित एम्स में कोरोना वायरस से संक्रमित एक महिला की मौत हो गई।
देहरादून, 23 मई उत्तराखंड में शनिवार को कोविड-19 संक्रमण के 92 नए मामले सामने आए। ये राज्य में किसी एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं। अब राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 244 हो गई है।
ऋषिकेश स्थित एम्स में कोरोना वायरस से संक्रमित एक महिला की मौत हो गई।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया कि संक्रमण के नए मामलों में सर्वाधिक 55 मामले नैनीताल से सामने आए हैं, बाकी मामले देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में आए हैं।
संक्रमितों में अधिकांश लोग दिल्ली, मुंबई, गुड़गांव और राजस्थान से आए हुए हैं।
हर रोज बड़ी संख्या में नए मामले सामने आने की एक बड़ी वजह बड़ी संख्या में प्रवासियों की घर वापसी है।
इस बीच शुक्रवार देर रात ऋषिकेश के एम्स में कोविड-19 के एक मरीज की मौत हो गई। हालांकि अधिकारियों के अनुसार मौत की वजह कोरोना वायरस नहीं बल्कि अन्य बीमारी थी ।
ऋषिकेश एम्स में कोविड-19 मामलों के नोडल अधिकारी मधुर उनियाल ने बताया कि मरीज को कैंसर था और उसका हाल में ऑपरेशन हुआ था।
राज्य में संक्रमण से मौत का यह दूसरा मामला है।
पहला मामला एक मई को सामने आया था जिसमें 56 वर्षीय महिला को मस्तिष्काघात के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई थी और कुछ दिन बाद मौत हो गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2020 11:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

