ताजा खबरें | दिल्ली पुलिस में 8,567 पद रिक्त: संसदीय समिति

नयी दिल्ली, 10 मार्च संसद की एक समिति ने दिल्ली पुलिस में रिक्त पदों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि इसमें 8,500 से अधिक कर्मियों की कमी है, जिससे इसका कामकाज काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है।

समिति के अनुसार, दिल्ली पुलिस में 94,257 स्वीकृत पदों के मुकाबले 85,690 कर्मी हैं, जिस कारण 8,567 पद रिक्त हैं।

गृह मामलों पर संसद की स्थायी समिति ने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस को मौजूदा रिक्तियों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए।

राज्यसभा में प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘समिति ने पाया है कि दिल्ली पुलिस के पास स्वीकृत पदों की संख्या 94,257 है, लेकिन वास्तविक संख्या 85,690 है, जिसके कारण लगभग 8,567 पद रिक्त हैं।’’

समिति ने दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 10 से अधिक बटालियन की तैनाती की भी सराहना की, जिससे काफी हद तक कर्मियों की कमी को दूर करने में मदद मिली है।

इसके अलावा, समिति ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर चिंता जताई और सुझाव दिया कि इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से हल करने के लिए और अधिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।

इसने आत्मरक्षा कार्यशालाओं के माध्यम से सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने और 'पिंक बूथ' और 'हिम्मत' ऐप जैसे महिला-केंद्रित कार्यक्रमों का विस्तार करने की सिफारिश की।

समिति ने महिलाओं के लिए असुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और वास्तविक समय पर संदिग्धों को पकड़ने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता(एआई) से लैस निगरानी प्रणाली का लाभ उठाने का भी सुझाव दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)