कोटा, दो अप्रैल राजस्थान के कोटा में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी 65 साल की मां की कथित रूप से पिटाई की और ईंट से मारा, जिसके दो दिन बाद शुक्रवार को महिला की मौत हो गयी । पुलिस ने यह जानकारी दी ।
पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की पहचान राजकुमारी बैरवा के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि कोटा के उद्योग नगर में बुधवार की रात को हुयी इस घटना के बाद महिला कोमा में चली गयी थी । अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया ।
पुलिस के अनुसार 35 साल का आरोपी शशिकांत बेरोजगार है और पैसों को लेकर वह अक्सर अपनी मां को पीटता था ।
उप निरीक्षक मोहम्मद इब्राहिम ने बताया, ‘‘बुधवार की रात को भी पैसों को लेकर मां और बेटे के बीच बहस हो गयी । उसकी मां ने जब पैसे देने से मना कर दिया तो उसने मां की पिटाई कर दी ।’’
उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला अपने पति बाबूलाल की मौत के बाद छोटे बेटे शशिकांत के साथ ही रहती थी। बाबूलाल सिंचाई विभाग में काम करते थे और महिला का बड़ा बेटा राजस्व विभाग में नौकरी करता है और वह अजमेर में तैनात है।
इब्राहिम ने बताया कि इस संबंध में आरोपी के खिलाफ उसके भाई की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY