आइजोल, सात मई हिंसा प्रभावित मणिपुर से 596 लोग पलायन कर मिजोरम चले गये और राज्य में शरण मांगी है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
जातीय हिंसा के बाद मणिपुर में बुधवार से फंसे हुए मिजोरम के कम से कम 45 छात्र दिन में अपने राज्य सुरक्षित लौट गये।
गृह आयुक्त एवं सचिव एच लालेंगमीवा ने बताया कि रविवार शाम तक, मणिपुर में चिन-कूकी-मिजो समुदाय के कम से कम 151 लोग आइजोल जिले में प्रवेश कर गये थे, जबकि 288 लोग असम सीमा के पास स्थित कोलासीब और 217 अन्य ने मणिपुर के सीमावर्ती क्षेत्र सैतुअल चले गये।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इनमें से ज्यादातर विस्थापित लोगों ने कई गांवों में अस्थायी शिविरों में शरण ले रखी है।
उन्होंने बताया, ‘‘जातीय हिंसा के कारण अपने राज्य से भागे मणिपुर के लोगों ने मिजोरम में शरण मांगी है।’’
आइजोल के उपायुक्त लालहरियाजुआली रालते ने बताया कि प्रशासन ने इन लोगों को भोजन और रहने की जगह मुहैया करने के लिए उपयुक्त व्यवस्था की है।
उल्लेखनीय है कि मिजोरम म्यांमा और बांग्लादेश से पलायन कर आये लगभग 30,000 लोगों को रहने की जगह मुहैया कर रहा है, जिन्होंने राज्य में शरण ले रखी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY