COVID-19 Update: देश में फिर बढ़े कोरोना के मामले, 24 घंटे में 41,965 नए केस- 462 की मौत
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 41,965 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बुधवार को बढ़कर 3,28,10,845 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर अब 3,78,181 हो गई है.
नयी दिल्ली, 1 सितम्बर : भारत में एक दिन में कोविड-19 (COVID-19) के 41,965 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बुधवार को बढ़कर 3,28,10,845 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर अब 3,78,181 हो गई है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 460 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,39,020 हो गई. देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3,78,181 हो गई है, जो कुल मामलों का 1.15 प्रतिशत है. पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मामलों में कुल 7,541 की बढ़ोतरी दर्ज की गई. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.51 प्रतिशत है.
आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 52,31,84,293 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 16,06,785 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई. दैनिक संक्रमण दर 2.61 प्रतिशत है. वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 2.58 प्रतिशत है, जो पिछले 68 दिन से तीन प्रतिशत से कम है. देश में अभी तक कुल 3,19,93,644 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है. मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार को एक दिन में कोविड-19 रोधी टीकों की सर्वाधिक 1.33 करोड़ खुराक दी गई. देश में अभी तक टीकों की कुल 65.41 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं. यह भी पढ़ें : COVID-19 Vaccination: पश्चिम बंगाल में कोविड टीकाकरण केंद्र पर भगदड़, हादसे में 25 लोग घायल
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए. देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 01, 2021 10:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

