देश की खबरें | फरीदाबाद में 29 वर्षीय वकील सीवेज टैंक में मृत मिला

फरीदाबाद (हरियाणा), 22 अप्रैल हरियाणा के फरीदाबाद में बीते कुछ दिनों से लापता चल रहे 29 वर्षीय वकील का शव शुक्रवार को यहां की सैनिक कॉलोनी स्थित सीवेज टैंक से मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने मृतक की पहचान मूल रूप से बिहार के बेगूसराय निवासी हिमांशु के तौर पर की है। उन्होंने बताया कि हिमांशु उच्चतम न्यायालय में वकालत करता था और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी-II में लंबे समय से अपने मामा के घर पर रहता था।

पुलिस ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि हिमांशु की हत्या की गई है या उसकी मौत महज हादसा है।

हिमांशु के एक रिश्तेदार ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार शाम को टहलने गया था, लेकिन तब से घर नहीं लौटा। उसके मामा ने तलाश की और न मिलने पर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने कहा, ‘‘हम हर कोण से जांच कर रहे हैं और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)