देश की खबरें | नूंह में 2022 डंपर ट्रक से कुचले गए पुलिस अधिकारी के बेटे को डीएसपी नियुक्त किया जाएगा

चंडीगढ़, चार अगस्त पिछले साल नूंह जिले में अवैध पत्थर खनन के खिलाफ छापेमारी के दौरान कथित तौर पर डंपर ट्रक से कुचलकर मार दिए गए हरियाणा पुलिस के अधिकारी सुरेंद्र सिंह के बेटे को अनुकंपा के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया जाएगा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस आशय का निर्णय शुक्रवार की शाम यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, कैबिनेट ने इस विशेष मामले में अनुग्रह राशि नियम, 2019 के तहत छूट देते हुए डीएसपी दिवंगत सुरेंद्र सिंह के पुत्र सिद्धार्थ को पुलिस उपाधीक्षक के पद पर अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रदान करने के संबंध में एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

डीएसपी सुरेंद्र सिंह अवैध खनन को रोकने के लिए नूंह के टौरू शहर में तैनात थे, जब 2022 में उनकी कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी।

बयान में कहा गया है, ‘‘ड्यूटी के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर डंपर (ट्रक) चढ़ा दिया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राज्य सरकार ने उन्हें शहीद का दर्जा दिया और मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की थी कि उनके बेटे को उन्हीं के पद पर नियुक्ति दी जाएगी।’’

इस बीच, हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र यहां 25 अगस्त से शुरू होगा। कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में फैसला लिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)