एजेंसी न्यूज

COVID-19 Update: देश में कोविड-19 के 1,660 नये मामले, 4,100 लोगों की मौत

देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से 4,100 लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 5,20,855 हो गई और महाराष्ट्र संक्रमण से मौत की संख्या का मिलान कर रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी.

COVID-19 Update: देश में कोविड-19 के 1,660 नये मामले, 4,100 लोगों की मौत
(Photo Credit : Pixabay)

नयी दिल्ली, 26 मार्च : देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से 4,100 लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 5,20,855 हो गई और महाराष्ट्र संक्रमण से मौत की संख्या का मिलान कर रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी. स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे अद्यतन आंकड़े के अनुसार देश में एक दिन में कोविड-19 के 1,660 नये मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,30,18,032 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 20,000 से कम हो गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 16,741 हो गई है जो 702 दिनों में सबसे कम है और कुल मामलों का 0.04 प्रतिशत है. राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 98.75 प्रतिशत है.

महाराष्ट्र में शुक्रवार तक रिपोर्ट की गई गैर-कोविड मृत्यु (4,005) को शामिल करने के कारण सबसे अधिक मृतक संख्या दर्ज हुई थी. मीडिया बुलेटिन के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटों में इस रोग के कारण दो लोगों की मौत हुई है. देश में उपचाराधीन मामलों में पिछले 24 घंटे में 4,789 मामलों में कमी दर्ज की गई. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दैनिक संक्रमण दर 0.25 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.29 प्रतिशत है. पिछले 24 घंटों में संक्रमण की पुष्टि के लिए कुल 6,58,489 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई. भारत ने अब तक 78.63 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच हुई है. स्वस्थ होने वालों की संख्या 4,24,80,436 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत दर्ज की गई है. देश में अब तक 182.87 करोड़ से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है. यह भी पढ़ें: COVID-19: देश में कोविड-19 के 1,685 नए मामले, 83 और लोगों की मौत

उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी. संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे. पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी. इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 26, 2022 10:41 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).