Delhi Shocker: दिल्ली के वजीराबाद में 16 वर्षीय लड़के की चाकू घोंपकर हत्या, तीन नाबालिग पकड़े गए
उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में 16 वर्षीय लड़के का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या के सिलसिले में तीन किशोरों को पकड़ा गया है.
नयी दिल्ली, 26 मार्च : उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में 16 वर्षीय लड़के का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या के सिलसिले में तीन किशोरों को पकड़ा गया है. उन्होंने कहा कि कक्षा नौ के छात्र को भलस्वा झील के पास एक सुनसान इलाके में ले जाया गया और वहां उस पर कई बार चाकू से वार किया गया. उन्होंने कहा, ‘‘लड़के के परिजनों को 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए फोन आया था. बाद में उन्हें उसका शव मिला.’’
लड़का रविवार से लापता था और सोमवार को स्थानीय थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी. लड़का मुखर्जी नगर में पढ़ता था. अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान पता चला कि लड़के को आखिरी बार तीन लड़कों के साथ देखा गया था, जिनमें से दो की उम्र 16 और 17 साल थी. वे झारोदा पुश्ता रोड पर मोटरसाइकिल पर थे.’’ इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज से इस बात की पुष्टि हुई. पुलिस ने तीनों लड़कों को पकड़ लिया और आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए लड़के का अपहरण किया था. आरोपियों ने बताया कि रविवार को वे लड़के को मोटरसाइकिल पर अपने साथ घुमाने ले गए थे. यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए किया गया है बहुत कम बजट आवंटन : कांग्रेस नेता सोनिया गांधी
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी उसे भलस्वा झील के पास एक सुनसान इलाके में ले गए और उस पर चाकू से हमला किया तथा उसे मृत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए. अगले दिन उन्होंने लड़के के पिता (जो पेशे से चालक हैं) को फोन किया और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी. अधिकारी ने कहा, ‘‘पकड़े गए किशोरों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने लड़के का शव बरामद कर लिया है.’’ पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने लड़के के शव के टुकड़े करने की भी कोशिश की थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 26, 2025 11:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

