नयी दिल्ली, 11 जून एक मालवाहक जहाज के चालक दल के 16 भारतीय सदस्य अफ्रीकी देश इक्वेटोरियल गिनी और नाइजीरिया में नौ महीने से अधिक समय तक हिरासत में रहने के बाद भारत लौट आए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार की ओर से संबंधित प्रशासन के साथ की गयी लंबी बातचीत के बाद यह संभव हो सका है।
तेल टैंकर एमटी हीरोइक इदुन और उसके चालक दल के 26 सदस्य, जिनमें 16 भारतीय शामिल हैं, पिछले साल अगस्त से हिरासत में थे।
उन्हें शुरू में इक्वेटोरियल गिनी और बाद में नाइजीरिया में हिरासत में लिया गया था। जहाज और उसके चालक दल के सदस्यों पर तेल चोरी सहित विभिन्न आरोप लगाए गए थे।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘ लंबी बातचीत के बाद, चालक दल के खिलाफ सभी आरोप हटा दिए गए और जुर्माना भरने के बाद जहाज को 27 मई को रिहा कर दिया गया। भारतीय चालक दल के सदस्य अब भारत लौट आए हैं। ’’
सूत्रों ने कहा कि भारतीय मिशन के अधिकारी जहाज के चालक दल के साथ नियमित संपर्क में रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY