COVID-19 Update: देश में कोविड-19 के 15,786 नए मामले, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,75,745 हुई
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 15,786 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,41,43,236 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,75,745 हो गई, जो 232 दिन में सबसे कम है.
नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर : भारत में एक दिन में कोविड-19 (COVID-19) के 15,786 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,41,43,236 हो गई. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,75,745 हो गई, जो 232 दिन में सबसे कम है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 231 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,53,042 हो गई. देश में लगातार 28 दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामले 30 हजार से कम हैं और 117 दिन से 50 हजार से कम नए दैनिक मामले सामने आ रहे हैं. देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,75,745 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.51 प्रतिशत है. यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है. पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 3,086 की कमी दर्ज की गई. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.16 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है.
आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 59,70,66,481 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 13,24,263 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई. दैनिक संक्रमण दर 1.19 प्रतिशत है, जो पिछले 53 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है. वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 1.31 प्रतिशत है, जो पिछले 119 दिन से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है. अभी तक कुल 3,35,14,449 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत है. राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 100.59 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं. यह भी पढ़ें : COVID Update: दुनियाभर में कोरोनावायरस के मामले बढ़कर 24.24 करोड़ हुए
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में जिन 231 लोगों की मौत हुई, उनमें से केरल के 118 लोग और महाराष्ट्र के 39 लोग थे. देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,53,042 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,39,925 लोग, कर्नाटक के 37,984 लोग, तमिलनाडु के 35,968 लोग, केरल के 27,202 लोग, दिल्ली के 25,090 लोग, उत्तर प्रदेश के 22,899 लोग और पश्चिम बंगाल के 19,021 लोग थे. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 22, 2021 11:57 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

