देश की खबरें | पीईटी परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने के आरोप में 15 लोग गिरफ्तार

लखनऊ, 29 अक्टूबर उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और जिलों की पुलिस ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा(पीईटी)-2023 में अनुचित साधनों का उपयोग करने के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि 10 आरोपियों को एसटीएफ ने शनिवार को गिरफ्तार किया था जबकि चार आरोपियों को देवरिया और एक आरोपी को मुजफ्फरनगर से रविवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरनगर में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के डीएवी इंटर कॉलेज में मनोज कुमार बनकर परीक्षा देने पर सतेंद्र कुमार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने सतेंद्र कुमार के पास से एक फर्जी आधार कार्ड और फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किया है।

देवरिया के सदर क्षेत्राधिकारी (सीओ) यश त्रिपाठी ने बताया कि शहर के एसएसबीएल माध्यमिक विद्यालय में मऊ जिले के रहने वाले सुरेश लाल की जगह बिहार के पटना निवासी मुकेश सिंह परीक्षा दे रहा था, जबकि शहर के ही कलिंद माध्यमिक विद्यालय, खरजरवा में मऊ के उमाशंकर के स्थान पर बिहार के नवादा जिले का राकेश रंजन कुमार परीक्षा देते समय पकड़ा गया।

इसी तरह शहर के ओवर ब्रिज के पास स्थित जोनिया माध्यमिक विद्यालय में मऊ निवासी जयहिंद यादव की जगह सिवान जिले का ओमप्रकाश महतो परीक्षा देते समय पकड़ा गया।

इसके अलावा रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के अशोक माध्यमिक विद्यालय, डुमरी में मऊ के अंजेश की जगह पर नवादा निवासी अभिषेक कुमार परीक्षा दे रहा था। त्रिपाठी ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया।

इसके पहले शनिवार को एसटीएफ ने एक बयान में कहा कि 10 आरोपियों को परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस सहित अन्य अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए पाया गया था।

बयान के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से दीपक कुमार पटेल और अजय कुमार पटेल की पहचान गिरोह के सरगना के रूप में हुई। दीपक कुमार पटेल को प्रतापगढ़ से और अजय कुमार पटेल को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)