देश की खबरें | तेलंगाना में भारी बारिश के कारण 15 लोगों की मौत
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

हैदराबाद, 14 अक्टूबर तेलंगाना के कई हिस्सों में लगातार बारिश के बाद वर्षाजनित हादसों में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई।

भारी बारिश के कारण सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया है।

यह भी पढ़े | 74-Year-Old Man Rescued From Freezer: 74 साल के बुजुर्ग को फ्रीजर में बंद कर कथित तौर पर उनके मरने का इंतजार कर रहा था परिवार, किया गया रेस्क्यू.

अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण यहां कई स्थानों पर मकानों और दीवारों के ढहने की जानकारी मिली है।

राज्य सरकार ने बारिश के मद्देनजर यहां बाहरी रिंग रोड पर सभी निजी संस्थानों, कार्यालयों, गैर आवश्यक सेवाओं के लिए बुधवार और बृहस्पतिवार को अवकाश घोषित कर दिया है।

यह भी पढ़े | Farm Bills 2020: कृषि कानूनों पर बैठक से नदारत रहे कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, कांग्रेस ने कहा- खेती खत्म करने का ये भाजपाई षड्यंत्र हारेगा.

राज्य में अभी और बारिश होने का अनुमान है और इसी लिए लोगों से घरों में ही रहने की अपील की गई है।

नगरपालिका प्रशासन और शहरी विकास मंत्री के टी रामाराव और पशुपालन मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की और शहर में राहत एवं बचाव अभियानों की समीक्षा की।

पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह शमशाबाद के गगनपहाड़ इलाके में एक मकान ढहने के कारण एक बच्चे समेत एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

चंद्रायनगुट्टा पुलिस थाना क्षेत्र में दीवार ढहने की दो घटनाओं में एक बच्चे समेत 10 लोगों की मौत हो गई।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि यहां भारी बारिश के कारण इब्राहिमपट्टनम इलाके में एक पुराने मकान की छत ढह जाने से 40 वर्षीय महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह साढ़े आठ से रात नौ बजे तक मेडचल मल्काजगिरि जिले के सिंगापुर टाउनशिप में 292.5 मिमी बारिश हुई और यदाद्री-भोंगीर जिले के वर्केल पाल्ले में 250.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई।

जीएचएमसी में 98.9 मिमी औसत बारिश हुई।

शहर में कई सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया है।

पुलिस दलों और एनडीआरएफ एवं जीएचएमसी के आपदा कार्रवाई बल (डीआरएफ) कर्मियों ने उन स्थानों से कई परिवारों को बाहर निकाला, जहां पानी भर गया था। कई इलाकों में बचाव कार्य जारी है।

पुलिस ने बताया कि यहां उप्पल में जलभराव के कारण एक सरकारी बस के फंस जाने के बाद कम से कम 33 यात्रियों को बचाया गया।

भद्राद्री-कोठागुडेम जिले में जलाशयों में जलस्तर बढ़ गया है और प्रशासन ने लोगों को जलाशयों के पास नहीं जाने की सलाह दी है।

मुख्य सचिव सोमेश कुमार ने सभी जिला प्रशासनों को सतर्क रहने को कहा है।

कुमार के हवाले से मंगलवार रात एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने राज्य में भारी बारिश संबंधी हालात की जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रशासनों से सतर्क रहने को कहा।’’

इस बीच, नगर निकाय एवं पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपने घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा है।

जीएचएमसी आयुक्त डीएस लोकेश कुमार ने जर्जर इमारतों या झोंपड़ियों में रह रहे लोगों से परिसर खाली करने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि लोगों को सामुदायिक भवनों में अस्थायी निवास मुहैया कराया गया है।

मौसम विज्ञान विभाग ने यहां बताया कि तेलंगाना में बुधवार को भी कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

उसने बताया कि हैदराबाद समेत कुछ स्थानों पर बुधवार और बृहस्पतिवार को भारी एवं बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)