विदेश की खबरें | इंग्लैंड में ब्रितानी सिख व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में 14-वर्षीय किशोर गिरफ्तार
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, 11 दिसंबर ब्रिटेन की पुलिस ने 50 वर्ष से अधिक आयु के एक सिख व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में 14-वर्षीय एक किशोर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने स्लाउ में लड़कों के एक समूह द्वारा सिख पुरुष पर हमला किए जाने से जुड़े घृणा अपराध की जांच के तहत किशोर को गिरफ्तार किया।

थेम्स वैली पुलिस ने कहा कि किशोर को पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया और बाद में जमानत पर 15 फरवरी, 2024 तक रिहा कर दिया गया।

स्लाउ पुलिस थाने में तैनात जासूस कांस्टेबल होली बैक्सटर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और उसने लोगों से अपील की है कि यदि उनके पास 21 नवंबर की इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वह उसे पुलिस को दें।

उन्होंने कहा, ‘‘हम घृणा अपराध संबंधी सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हैं, क्योंकि हम जानते हैं कि उनका व्यक्तिगत रूप से पीड़ितों और लक्षित समुदायों पर विनाशकारी प्रभाव पड़ता है।’’

इस मामले के पीड़ित का नाम इंद्रजीत सिंह है। वह लैंगली मेमोरियल पार्क से गुजर रहा था, तभी लड़कों का एक समूह उसके पास पहुंचा।

एक आरोपी ने पीड़ित की दाढ़ी खींचने की कोशिश की और फिर सभी लड़कों ने उसे घेर लिया और उसे लात मारीं तथा जमीन पर घसीटा। इस हमले में सिंह की तीन पसलियां टूट गईं और उसके हाथ में सूजन एवं चोटें आईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)